हांसी (दिनकर गावड़ी):- राजकीय महाविद्यालय के सभागार में जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करते हुए सात शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और गंभीरता दिखाएं तथा प्रत्येक शिकायत की तह तक पहुंचकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
बैठक में विधायक विनोद भयाना ने भी विभिन्न शिकायतों और क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय के सभागार की छत की स्थिति का उल्लेख करते हुए नई छत बनवाने की मांग की। इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने संबंधित अधिकारियों को सभागार की नई छत बनाने के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार करवाकर भेजने के निर्देश दिए, ताकि इस कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
माजरा गांव के निवासियों की ओर से 100-100 वर्ग गज के प्लॉट उपलब्ध करवाने से संबंधित शिकायत भी बैठक में प्रस्तुत की गई। शिक्षा मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नारनौंद के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि प्लॉट उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसी प्रकार प्रवीण कुमार की जमीन से संबंधित शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एक कमेटी गठित की। इस कमेटी में अतिरिक्त उपायुक्त, तहसीलदार, डीएसपी तथा परिवेदना समिति के सदस्य धर्मवीर रतेरिया और रामफल बूरा को शामिल किया गया। उन्होंने कमेटी को पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने और तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायत का उचित समाधान किया जा सके।
चार कुतुब गेट निवासी देवी की शिकायत पर भी शिक्षा मंत्री ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवादित मकान का निर्माण कार्य जांच पूरी होने और उचित समाधान होने तक बंद रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
मसूदपुर गांव निवासी राजबाला की शिकायत पर सुनवाई करते हुए शिक्षा मंत्री ने संबंधित नायब तहसीलदार को दो माह के भीतर मामले का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
शिक्षा मंत्री ने बैठक में प्रस्तुत अन्य शिकायतों को भी ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। अधिकारी शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालें। जिस शिकायत में विभागीय समन्वय की आवश्यकता हो, उसमें संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान विधायक विनोद भयाना ने भी कई शिकायतों के संबंध में शिक्षा मंत्री को विस्तार से जानकारी दी और संबंधित मामलों की वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम विकास यादव, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज, डीएसपी दिनेश सांगवान, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीआरओ राजकुमार, सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा, बीडीपीओ अशोक मेहरा, रोशन श्योराण, टीएम सतबीर सिंह, महाविद्यालय प्राचार्य दलबीर सिंह, एसडी कॉलेज प्राचार्य सुरेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा, नगर परिषद प्रधान प्रवीण इलाहाबादी, भाजपा महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, भाजपा महामंत्री विजेंद्र लोहान, विधायक विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी तथा जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सभी गैर सरकारी सदस्य, अनेक पार्टी पदाधिकारी और शिकायतकर्ता भी मौजूद रहे।
