हरोली/ऊना, 23 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- शिक्षा सुधार समिति की विशेष बैठक चानो मंदिर, खड्ड में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा के प्रचार-प्रसार, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान समिति की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए।

बैठक में बाबा हरिशाह जी सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत पंडोगा के प्रधान राणा रणजीत सिंह को संस्था की ओर से शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा गौशाला संचालक कमल देव जी तथा बाबा पहाड़िया जी के सेवक को भी सम्मानित किया गया। समिति की ओर से राकेश शाह जी के पुत्र हनी जी को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एनआरएसटी के तहत बच्चों को कॉपियां वितरित की गईं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार अपनाने और अपने माता-पिता व गुरुओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत और लगन से पढ़ाई करने का संदेश दिया गया।

समिति के संवाददाता सतीश शर्मा ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उनका मार्गदर्शन करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का योगदान समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण है।

मुख्य अतिथि राणा रणजीत सिंह ने समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने सदस्यों को इसी तरह समाजहित में कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में केजी भारत भूषण, मोहन लाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सोढ़ी राम, स्वर्ण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।