करनाल (प्रवीण वालिया, 11 नवंबर):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में करनाल पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में करनाल पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट तथा नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
एसपी करनाल ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वाहन पर निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप स्पष्ट एवं वैध नंबर प्लेट लगी होनी अनिवार्य है। बिना नंबर प्लेट, टूटी-फूटी, अस्पष्ट या फैंसी नंबर प्लेट लगाकर अथवा नंबर छिपाकर वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान करने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
करनाल पुलिस की वाहन चालकों से अपील एवं निर्देश:
• बिना नंबर प्लेट के वाहन लेकर सड़क पर न निकलें।
• वाहन के आगे और पीछे निर्धारित मानकों के अनुरूप स्पष्ट नंबर प्लेट लगवाएं।
• नंबर प्लेट के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़, बदलाव या नंबर छिपाने का प्रयास न करें।
• फैंसी या अस्पष्ट नंबर प्लेट का प्रयोग न करें।
• वाहन के सभी दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
एसपी करनाल का सख्त संदेश:
यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के प्रति करनाल पुलिस किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। बिना नंबर प्लेट या नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वाहन की पहचान छिपाकर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
