हांसी (दिनकर गावड़ी):-जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि हरियाणा में जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर आयोजित होगा।
उपायुक्त ने बताया कि जनसंख्या गणना से पहले नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इस अवधि में नागरिक ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से निर्धारित विवरण एकत्रित एवं सत्यापित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रगणक स्मार्टफोन में उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। इसके साथ ही जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के जरिए कार्य की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। इस व्यवस्था से आंकड़ों के संकलन में त्रुटियों को कम करने, प्रशासनिक समन्वय मजबूत बनाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।
प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 निर्धारित सवाल
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। प्रश्नावली में कुल 40 सवाल शामिल होंगे, जिनके माध्यम से जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित विवरण जुटाया जाएगा। इन आंकड़ों के आधार पर देश एवं प्रदेश में विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकताओं के आकलन और विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।
जनगणना कर्मचारियों को दिया जाएगा आवश्यक प्रशिक्षण
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि कर्मचारी पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
नागरिकों की जानकारी रहेगी गोपनीय
डीसी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अनुसार गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें और प्रगणकों के घर पहुंचने पर आवश्यक विवरण उपलब्ध करवाकर सहयोग दें। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक अपना आधार नंबर, पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर तथा मतदाता पहचान पत्र नंबर पहले से तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी प्रगणकों को उपलब्ध करवाई जा सके।
जनगणना कार्य में बाधा डालने पर होगी कानूनी कार्रवाई
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जनगणना के अधिकृत कर्मचारियों को सरकारी कार्य के निर्वहन में बाधा पहुंचाने, उनके कार्य में हस्तक्षेप करने अथवा जनगणना प्रक्रिया में रुकावट पैदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस धारा के अंतर्गत ऐसे कृत्यों के लिए तीन वर्ष तक के कारावास तथा एक हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज होना आवश्यक है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे और निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।
