हिसार (दिनकर गावड़ी):- बाबा जोध सचियार सेवा समिति के तत्वावधान में अग्रसैन भवन में दसवां महान संत समागम एवं सत्संग समारोह आयोजित किया गया। हजारों लोगों ने गुरुघर में माथा टेका। समिति के प्रधान दयानंद भ्याना ने बताया कि समारोह की शुरुआत सुखमणि साहिब के पाठ से की गई। हांसी के विधायक व डेरा बाबा जोध सचियार सेवा समिति, पानीपत के प्रधान विनोद भ्याना व विधायक सावित्री जिंदल ने संत समागम में अतिथि के रूप में भाग लिया। हिसार के अलावा प्रदेश भर से आए लोगों को बालयोगिनी महामंडलेश्वर संत शिरोमणि साध्वी करुणागिरी महाराज, हरिद्वार वाले के अलावा भाई सतनाम सिंह आसनकलां वाले, भाई लवप्रीत सिंह सिरसा वाले, बीबी सरोज कौर खुराना दिल्ली, भाई अरुण गंगानगर वाले, डॉ. मोहन तनेजा हिसार वाले ने सत्संग व कीर्तन द्वारा संगत को निहाल किया। कीर्तन के दौरान गाए गए भजनों में “अगर तेरे दर पे सुनाई न होती...”, “तुम करो दया मेरे साईं...”, “जो सुख चाहे तू सदा शरण राम की ले...” और “जे तू ना फड़दा साड़ी बांह असां रुल जाना सी...” आदि शामिल रहे। समारोह के दौरान सतनाम वाहेगुरु, “जो बोले सो निहाल... सत श्री अकाल” तथा “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारे लगते रहे।

साध्वी करुणागिरी महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए कहा कि सत्संग के क्षण न जाने कितने जन्मों के पुण्य करने के बाद मिलते हैं। भाग्यशाली हैं वे जीव जिन्हें भगवान की शरण में बैठकर उनका गुणगान करने का मौका मिलता है। पितृ पक्ष चल रहा है, ऐसे में सत्संग करके भगवान का नाम लेना दोगुना लाभ प्रदान करता है। भगवान को जितना समय दोगे, भगवान उससे भी बढ़कर आपके अंग-संग रहेंगे। जीवन में जप और तप का बड़ा महत्व है। नाम जपने से बड़े से बड़ा कष्ट भी दूर हो जाता है और तप करने से अपना जीवन संवरता है। संत समागम एवं कीर्तन दरबार के साथ-साथ अटूट लंगर भी चलाया गया। हजारों लोगों ने लंगर ग्रहण किया।

बाबा जोध सचियार सेवा समिति ने दोनों विधायकों के समक्ष हिसार में बाबा जोध सचियार के लिए भव्य स्थान बनाने के लिए सरकार से जमीन दिलवाने की मांग की। इस पर विधायक विनोद भ्याना ने अपने संबोधन में कहा कि वे तथा विधायक सावित्री जिंदल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलेंगे तथा जमीन की मांग करेंगे। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री उनकी बात को जरूर मानेंगे। विनोद भ्याना ने साध्वी करुणागिरी महाराज व आए हुए श्रद्धालुओं का भी आभार प्रकट किया। विधायक सावित्री जिंदल ने अपनी ओर से समिति को लंगर सेवा के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। समिति सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों व वक्ताओं का सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन अरदास के साथ किया गया।

इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ उपप्रधान कश्मीर भ्याना, महासचिव भूपेन्द्र भ्याना, उपप्रधान राजेन्द्र ग्रोवर, कोषाध्यक्ष राम धमीजा, नरेन्द्र भ्याणा, महेन्द्र भ्याना, रविन्द्र उर्फ बब्बल खुराना, रामजीदास चांदना, विनोद भयाणा के अलावा समाजसेवी जगदीश जिंदल, पार्षद जगमोहन मित्तल, पार्षद राजेश अरोड़ा, ललित शर्मा, सुरेश सरदाना, ब्रह्म नागपाल, किशनलाल बागड़ी, इन्द्र शर्मा, सुभाष कुकड़ेजा, भाई चरणजीत, सुभाष कुकड़ेजा, सुभाष ढींगड़ा, सुरेन्द्र धमीजा, महेश चौधरी, अमित धमीजा आदि भी उपस्थित रहे।