हिसार:- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने व्यापारी प्रतिनिधियों की मीटिंग ली। मीटिंग लेने के उपरांत अनाज खरीद का जायजा लेने के बाद संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में गेहूं व सरसों की सरकारी खरीद जारी होने के बावजूद मंडी में अनाज खरीद के लिए मूलभूत सुविधा तक नहीं है। 
सरकार द्वारा अनाज खरीद के लिए नए-नए फरमान जारी करके किसान व आढ़तियों को तंग किया जा रहा है। किसान मंडियों में अपनी फसल सुबह 6:00 बजे से रात्रि 8:00 तक ही बेच सकता है। इस घोषणा से किसान व आढ़तियों को बड़ी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा जबकि किसान देर रात तक खेतों में गेहूं की कटाई करके मंडियों में लेकर आता है।
 सरकार द्वारा अनाज खरीद के लिए समय सीमा निर्धारित करने से मंडी व मंडियों के बाहर सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्राली की लंबी-लंबी लाइन लग जाएगी। जिसके कारण मंडी व बाहर सड़कों पर जाम लग जाएगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को गेहूं व सरसों खरीद के लिए बारदाना, लकड़ी के कैरेट की व्यवस्था तुरंत करनी चाहिए। 
सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार गेहूं खरीद, उठान व भुगतान 72 घंटे के अंदर-अंदर करना चाहिए। सरकार को फसल खरीद के भुगतान के साथ-साथ आढ़तियों की आढ़त व मजदूरी साथ देने चाहिए जबकि 6-6 महीने तक आढ़तियों को कमीशन व पल्लेदारों को मजदूरी तक नहीं मिलती है। बजरंग गर्ग ने कहा कि अनाज खरीद में आढ़तियों को कमिशन 30 सालों से 2.5 प्रतिशत मिलता है। 
सरकार को गेहूं खरीद पर जो आढ़तियों का कमीशन 64 रुपए 62 पैसे बनता है वह पूरा देना चाहिए जबकि सरकार हर साल गेहूं व धान का आढ़तियों को कमीशन पूरा नहीं दिया जाता है जो सरासर गलत है। सरकार को भारी बारिश व ओलावृष्टि के कारण जो गेहूं व सरसों खराब हुई है, उस खराब फसल का उचित मुआवजा राशि देनी चाहिए। बजरंग गर्ग ने सरकार को गेहूं खरीद पर 500 रुपए प्रति क्विंटल बोनस किसानों को देना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सकें। 
इस अवसर पर अनाज मंडी एसोसिएशन के जिला प्रधान पवन गर्ग, हिसार मंडी प्रधान मांगेराम रालवासिया, उप प्रधान बजरंग असरावां, सचिव जगदीश गोदारा, मंडी हॉस्पिटल पूर्व प्रधान अनिल जैन, पवन बंसल, निरंजन गोयल, पवन गुप्ता, पंकज रालवासिया, राहुल गर्ग, सत्य प्रकाश आर्य, कृष्ण गोयल, वेद गोयल, प्रेम मित्तल,सुभाष चंद्र आदि व्यापारी प्रतिनिधि व किसान भारी संख्या मे मौजूद रहे।