गढ़शंकर (हरि कृष्ण गंगड़):- पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं गढ़शंकर के विधायक स. जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने सैला खुर्द अनाज मंडी का दौरा कर धान की खरीद संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत की तथा अधिकारियों के साथ फसल की आमद, खरीद, उठान और अन्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और धान की खरीद सुचारू रूप से जारी रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के धान के एक-एक दाने की खरीद के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े तथा खरीद और उठान की व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाए। कृषि और किसान पंजाब की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं तथा मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए और कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों ने भी उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत करवाया, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगी और उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि धान के एक-एक दाने की खरीद और उठान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी कार्यालय के चेयरमैन बलदीप सिंह सैनी, जिला परिषद सदस्य इंदरजीत सिंह बरियाना, सचिव विरिंदर कुमार, सरकारी खरीद एजेंसियों एवं मंडी बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी, आढ़ती और किसान उपस्थित रहे।
