होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू ढंग से चल सके और किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान की खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसानों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 21 अक्टूबर तक जिले में धान की कुल आवक 2,30,260 मीट्रिक टन तक पहुंच गई है, जबकि अब तक कुल 2,29,836 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि कुल खरीद में सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा 2,28,780 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जबकि निजी खरीद के तहत 1,056 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। उन्होंने मंडियों में खरीद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले में अब तक कुल 1,34,464 मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है। निर्धारित 72 घंटे के मानक के अनुसार उठान की प्रगति 72 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडियों से खरीदे गए धान का समय पर उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भुगतान संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि धान की खरीद के लिए कुल 493.65 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 48 घंटे के निर्धारित मानक के अनुसार भुगतान की स्थिति 100 प्रतिशत दर्ज की गई है।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में साफ-सुथरा और निर्धारित नमी मानकों के अनुरूप सूखा धान लेकर आएं। इससे खरीद प्रक्रिया को गति मिलेगी और मंडियों में अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और मंडियों में खरीद, उठान तथा भुगतान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
