रतिया, 13 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के रतिया दौरे के दौरान सर्व समाज सभा रतिया के अध्यक्ष सतपाल जिंदल के नेतृत्व में सभा के प्रतिनिधिमंडल ने अनाज मंडी रोड स्थित पुराने वेयरहाउस की खाली पड़ी जमीन पर मार्किट कॉम्प्लेक्स बनाने की मांग उठाई। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष को मांग-पत्र सौंपा। इस अवसर पर हलका विधायक जरनैल सिंह ने भी इस मांग को आवश्यक बताते हुए इसके शीघ्र समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।
सभा अध्यक्ष सतपाल जिंदल ने बताया कि लगभग चार एकड़ क्षेत्र में बने ये वेयरहाउस कई दशक पहले शहर से बाहर, टिब्बों वाले क्षेत्र में बनाए गए थे। समय के साथ शहर का विस्तार होने के कारण अब यह स्थान शहर के बीचोंबीच आ गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वेयरहाउस खाली पड़े हैं और उनकी हालत भी जर्जर हो चुकी है। ऐसे में इस भूमि का जनहित और शहर के विकास के लिए बेहतर उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि इस स्थान पर आधुनिक मार्किट कॉम्प्लेक्स, मॉल तथा विभिन्न बैंकों के कार्यालयों के लिए सुविधाजनक परिसर विकसित किया जाए। इससे शहरवासियों को एक ही स्थान पर अनेक व्यावसायिक एवं बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही, उनके अनुसार इस भूमि का योजनाबद्ध उपयोग सरकार के लिए भी राजस्व अर्जित करने का एक बड़ा माध्यम बन सकता है।
सभा ने मांग की कि संबंधित विभाग इस भूमि की उपयोगिता का आकलन कर शहर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यहां विकास परियोजना तैयार करे, ताकि पुराने और अनुपयोगी पड़े परिसर को जनसुविधा एवं आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर सभा के महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर, सुनील इंदौरा (सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन) सहित सभा के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
