हांसी:– उपायुक्त राहुल नरवाल ने बरसात के मौसम को देखते हुए डीसी रेजिडेंस मार्ग सहित आसपास के क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता की विशेष रूप से ड्यूटी निर्धारित की है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए तथा पानी की निकासी त्वरित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को बरसात के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न होने देना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल निकासी से जुड़े उपकरण, पंप सेट तथा अन्य आवश्यक संसाधन पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें ताकि वर्षा शुरू होते ही तत्काल उनका उपयोग किया जा सके।
उन्होंने संबंधित कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि बरसात के समय वे स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर जल निकासी कार्य की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के पानी की निकासी कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी राहुल नरवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की उदासीनता के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है अथवा पानी की निकासी में विलंब पाया जाता है तो संबंधित कनिष्ठ अभियंता के विरुद्ध नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मानसून के दौरान प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि वर्षा के दौरान शहर की सड़कें सुरक्षित रहें, यातायात सुचारु रूप से चलता रहे तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डीसी राहुल नरवाल ने डीसी रेजिडेंस मार्ग की जल निकासी व्यवस्था को लेकर कनिष्ठ अभियंता की लगाई ड्यूटी
