नवांशहर, 12 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):-उपायुक्त शहीद भगत सिंह नगर श्री गुलप्रीत सिंह औलख की अध्यक्षता में आज जिला प्रशासनिक परिसर में जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) की बैठक हुई। इस दौरान जिले में अवैध खनन रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों, खनन स्थलों की पर्यावरणीय निगरानी तथा विभिन्न विकास कार्यों के लिए डीएमएफ फंड के उपयोग से संबंधित एजेंडे पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अवैध खनन की रोकथाम के लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित जांच और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ ओवरलोडिंग और अवैध खनन में शामिल वाहनों के सेक्शन 74-75 के तहत चालान भी किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के तहत 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक 21,23,591 रुपये के चालान किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक डीएमएफ खाते में 1 करोड़ 46 लाख 23 हजार 734 रुपये 74 पैसे की राशि उपलब्ध है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री खेल मैदान योजना के तहत जिले में बनने वाले खेल स्टेडियम के लिए 40 लाख रुपये ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज अधिकारी, नवांशहर को जारी करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।

उपायुक्त ने कहा कि खनन गतिविधियों को निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित किया जाए, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण किया जाए और डीएमएफ फंड का पारदर्शी ढंग से जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए।