बलाचौर- सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग पंजाब तथा जिला प्रशासन शहीद भगत सिंह नगर के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरूप सिंह के निर्देशों पर आज बाल विकास परियोजना अधिकारी बलाचौर पूरन पंकज शर्मा के नेतृत्व में बाबा बलराज पंजाब यूनिवर्सिटी कांस्टीट्यूएंट कॉलेज बलाचौर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत 31 लड़कियों की लोहड़ी का ब्लॉक स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।
 इस समारोह में हलका विधायक बलाचौर संतोष कटारिया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के संविधान के अनुसार सभी नागरिकों को समानता का अधिकार है, इसलिए बेटे व बेटियों में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी शिक्षा व उन्नति के समान अवसर दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं भी सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। 
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार की ओर से लड़कियों व महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा व उन्नति के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस अवसर पर बेटियों को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा व उन्नति के समान अवसर प्रदान करने की शपथ भी ली गई। इस अवसर पर बाल विकास प्रोजेक्ट अफसर बलाचौर पूरन पंकज शर्मा ने कहा कि घटता लिंगानुपात चिंता का विषय है और इसके कारण समाज को अनेक प्रकार की बुराइयों का सामना करना पड़ रहा है।
 उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सरकारी विभागों की ओर से जागरूकता प्रोग्राम व योजनाएं चलाई जा रही हैं। आंगनबाड़ी वर्कर सोना व कॉलेज की छात्रा रमनजोत व गुरप्रीत कौर ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसी तरह कॉलेज की छात्रा कुलजीत सैनी को उसके बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र दिया गया। सुपरवाइजर अमनदीप कौर ने मंच का संचालन बखूबी किया। इसके बाद नवजात लड़कियों की लोहड़ी मनाते हुए उनके माता-पिता को जिला प्रशासन की ओर से बधाई संदेश, बेबी कंबल व बेबी केयर किट देकर सम्मानित किया गया। 
इस अवसर पर रमन नाहर लेक्चरर, अंजलि सुपरवाइजर, नीलम सुपरवाइजर, परमजीत सुपरवाइजर, हर्ष बाला सुपरवाइजर, संदीप चौधरी क्लर्क व सभी आंगनवाड़ी वर्कर उपस्थित थे।