संतोषगढ़/ऊना, 14 जून (राजवीर चोपड़ा):- गांव प्लासी में श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा सिद्ध चानों जी का दहाजा शनिवार रात धूमधाम से संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। दहाजा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाबा बोरा स्वांग और घोड़ों के स्वांग रहे, जिन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्वांग देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे और पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान चमन भगत की पार्टी ने बाबा सिद्ध चानों जी का गुणगान करते हुए भजन और धार्मिक गीत प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और बाबा जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
परंपरा के अनुसार चंदरोली ने पूरे गांव में नाचते-गाते हुए भगतों को आयोजन स्थल तक बुलाया। इस अनूठी धार्मिक परंपरा ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया। गांव की गलियों में निकली चंदरोली को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकले और श्रद्धा के साथ इसमें शामिल हुए।
आयोजन समिति ने बताया कि बाबा सिद्ध चानों जी के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष यह धार्मिक आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं लंगर की व्यवस्था भी की गई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
बाबा सिद्ध चानों जी के जयकारों के साथ संपन्न हुए इस दहाजा समारोह ने क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। इस अवसर पर अजमेर, रामदास, शमशेर सिंह, कर्मचंद, सुभाष, नानक, विक्की, परविंद्र, चमन लाल वलवीर सहित गणमान्य लोगो उपस्तिथ रहें।
प्लासी में बाबा सिद्ध चानों जी का दहाजा संपन्न स्वांग और भजनों ने बांधा समां
