होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन के तहत आज सभी निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अनुसार तैयार मतदाता सूचियों का एक-एक सेट तथा बिना फोटो वाली मतदाता सूची की सीडी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी गई।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूचियों के विशेष सरसरी संशोधन के कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि आज मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के बाद 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां जमा करवाई जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन, नए बनाए गए मतदान केंद्रों तथा मतदाताओं की संख्या के विवरण के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय तथा संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध है, जहां कोई भी मतदाता अपनी वोट से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://www.ceopunjab.gov.in तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट Hoshiarpur.nic.in पर भी उपलब्ध है। कोई भी मतदाता या व्यक्ति अपना नाम निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में जाकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से देख सकता है।
उन्होंने आगे बताया कि मतदाता सूची के संबंध में 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दी जा सकती हैं। यदि कोई व्यक्ति 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का हो और उसका नाम अभी तक मतदाता के रूप में दर्ज नहीं हुआ हो, तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म नंबर 6 भरकर संबंधित बीएलओ/एआरओ कार्यालय में या ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के साथ संपर्क करके मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन (एसएसआर) में पूरा सहयोग दें, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता के रूप में पंजीकरण से वंचित न रह जाए।
