इंदौर:- पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने संगीत कार्यक्रम के दौरान अपना लोकप्रिय गीत ‘पटियाला पैग’ गाकर विवाद खड़ा कर दिया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) ने शराब और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में उनके चार गीतों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद दिलजीत ने रविवार रात के कार्यक्रम में यह गीत गाया।

दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक प्रशंसक द्वारा बनाया गया वीडियो साझा किया है, जिसमें वह ‘पटियाला पैग’ गाते नजर आ रहे हैं।

बाल आयोग के अधिकारी रजनीश सिन्हा ने बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ के प्रोफेसर पंडित राव धरेनवर की शिकायत के बाद ये निर्देश जारी किए थे। शिकायतकर्ता ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए इंदौर के कार्यक्रम में दिलजीत के चार गीतों पर रोक लगाने की मांग की थी।

इन गीतों में ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन गीतों में शराब और हिंसा को बढ़ावा दिया जाता है, जिसका छोटे बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

कार्यक्रम के दौरान 42 वर्षीय गायक ने गीतों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने कहा, "यह नहीं गा सकते, वह नहीं गा सकते। यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते।" इसके बाद उन्होंने कवि राहत इंदौरी की मशहूर पंक्तियां सुनाईं, जिन्हें सुनकर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। उन्होंने कहा, "हमारे मुंह से जो निकलता है, वही सच्चाई है। हमारे मुंह में आपकी जुबान थोड़ी है... इस धरती की मिट्टी में सबका खून मिला हुआ है, हिंदुस्तान किसी के बाप का थोड़ी है।" दिलजीत ने इस मौके पर अपने प्रशंसकों का समर्थन के लिए धन्यवाद भी किया।