करनाल, 17 नवंबर (प्रवीण वालिया):- लोकतंत्र की नींव जनता के वोट से मजबूत होती है और जब इसी वोट के अधिकार पर सवाल खड़े होने लगें, तो उसकी रक्षा के लिए आवाज उठाना हर लोकतांत्रिक ताकत की जिम्मेदारी बन जाती है। इसी संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और किसी भी नागरिक को उसके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न होना पड़े। इसी महत्वपूर्ण उद्देश्य को लेकर मंगलवार को करनाल के जाट भवन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त एवं सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में ‘संविधान रक्षा मार्च’, ‘वोट रक्षक अभियान’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा प्रदेशभर में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

हर बूथ पर नियुक्त होगा वोट रक्षक, मतदाता सूची पर रहेगी पैनी नजर

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त करने का लिया गया। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 18 से 20 नवंबर तक प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। 20 और 21 नवंबर को उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा 21 नवंबर तक प्रत्येक बूथ पर प्रशिक्षित वोट रक्षक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

इन वोट रक्षकों की जिम्मेदारी मतदाता सूची की निगरानी करना, मतदाताओं के नामों का सत्यापन करना, नाम हटाए जाने के कारणों की जानकारी जुटाना तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से काटे जाने की स्थिति में उसकी सहायता करना होगा।

13.3 करोड़ वोट काटे जाने का मुद्दा भी उठा, वोट रक्षक पोर्टल से होगी निगरानी

बैठक में अभियान से संबंधित पुस्तिका और ‘वोट रक्षक’ पोर्टल iamvoterakshak.in की जानकारी भी साझा की गई। अभियान सामग्री में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 13.3 करोड़ वोट काटे जाने का मुद्दा उठाया गया है। इसमें बिना सूचना, बिना सुनवाई और बिना कानूनी आधार के मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंकाओं पर चिंता व्यक्त की गई।

पोर्टल के माध्यम से मतदाता अपने नाम की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे नाम जैसी श्रेणियों में हटाए गए नामों की वास्तविक स्थिति की जांच करने और गलत तरीके से नाम हटाए जाने की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए सहयोग करने पर जोर दिया गया।

15 नवंबर से 18 दिसंबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार 15 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक चलने वाले अभियान की विस्तृत तिथि-वार कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

इसके तहत 18 से 25 नवंबर तक वोट रक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण और संगठनात्मक तैयारियों को पूरा किया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन कर पोर्टल पर दैनिक रिकॉर्ड अपलोड किया जाएगा। 26 नवंबर को चंडीगढ़ में संविधान रक्षा मार्च आयोजित किया जाएगा। 27 और 28 नवंबर को बूथ सत्यापन की प्रगति की समीक्षा होगी।

इसके साथ ही 15 दिसंबर तक गांव-गांव में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ चौपालों का आयोजन किया जाएगा, ताकि आम जनता को मतदान के अधिकार और संविधान की रक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके। 15 दिसंबर को अभियान की जिला स्तर की रिपोर्ट तथा 18 दिसंबर को तीसरे चरण की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता के मताधिकार से ही सुनिश्चित होती है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और मतदाता सूची में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस अधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल बैठकों तक सीमित न रखते हुए इसे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए।

प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि वोट रक्षक अभियान कांग्रेस संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक जिले में मजबूत टीम तैयार करके बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय की जाए। मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन किया जाए और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता से काम किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी जमीनी सक्रियता होती है।

सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। प्रत्येक वोट रक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा और उसकी जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों में चौपालों और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जागरूक करना इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

पराग गाबा ने कहा कि करनाल जिले में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को पूरी मजबूती के साथ गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी शहरी संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक नियुक्त करने, मतदाता सूचियों का सत्यापन कराने और चौपालों के माध्यम से आम जनता को जागरूक करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का वोट केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की सबसे बड़ी ताकत और संविधान द्वारा दिया गया अधिकार है। इसकी रक्षा करना हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के इस अधिकार पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी। लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं, इसलिए जनता के वोट की ताकत से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस अधिकार की रक्षा के लिए अंतिम पंक्ति तक संघर्ष करेगा। हमारा संकल्प है कि न किसी पात्र मतदाता का वोट कटने देंगे, न जनता के अधिकारों पर डाका पड़ने देंगे और न ही लोकतंत्र एवं संविधान की मूल भावना को कमजोर होने देंगे।

वोट हमारा अधिकार है, लोकतंत्र हमारी ताकत है और संविधान हमारी पहचान है। जनता के वोट की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष हर बूथ और हर गांव तक जारी रहेगा।