ऊना, 27 अक्टूबर:- बंगाणा उपमंडल के रखोह गांव की बिम्बो कुमारी ने घर तक जाने वाला आम पैदल रास्ता बंद किए जाने की शिकायत राज्य अनुसूचित जाति आयोग से की है। उन्होंने मंगलवार को आयोग के ऊना स्थित कार्यालय में अध्यक्ष को संबोधित शिकायत पत्र आयोग के सदस्य एवं अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा को सौंपकर रास्ता खुलवाने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बिम्बो कुमारी के पिता उत्तम चंद, एनसीडीएचआर के स्टेट जनरल सेक्रेटरी राज महे और हटली पंचायत के बलबीर चंद भी उनके साथ मौजूद रहे।
अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाली बिम्बो कुमारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी उनकी निजी भूमि पर जबरन अपने मकान और पशुशाला की सुरक्षा के लिए डंगा लगाना चाहते हैं। शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर को जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदकर उनके घर तक जाने वाला करीब 30 मीटर लंबा आम पैदल रास्ता बंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे उनके परिवार की आवाजाही प्रभावित हो रही है। शिकायत में धमकियां देने और घर से बेघर करने की धमकी मिलने की बात भी कही गई है।
बिम्बो कुमारी ने आयोग से रास्ता तत्काल खुलवाने, मामले की जांच करवाने तथा रास्ता अवरुद्ध करने और धमकियां देने के आरोपों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आयोग के सदस्य एवं अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा ने शिकायत पर नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
