रतिया, 16 अक्टूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खाई में बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाए गए रिचार्ज बोर में दिखाई देने वाले कोबरा सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। सांप पिछले कई दिनों से बोर में दिखाई दे रहा था, लेकिन रेस्क्यू का प्रयास किए जाने पर वह नीचे चला जाता था।

हाल ही में हुई बारिश के कारण रिचार्ज बोर में पानी भर गया। पानी का स्तर बढ़ने से कोबरा सांप भी ऊपर आ गया। विद्यालय स्टाफ ने सतर्कता दिखाते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से एक थैले में डाला। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

इस घटना के दौरान विद्यालय स्टाफ ने सावधानी बरतते हुए सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अवनीश गर्ग, साहित्यकार नैब सिंह मंडेर, चरणजीत सिंह, सोनू गर्ग, घनश्याम, सुनीता मोंगा, कंवरजीत सिंह, बनवारी लाल, सीमाबंती, सरिता, शीनू, अमनदीप कौर और नीशू रानी उपस्थित रहे।