जगराओं:- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार से अपील की है कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मद्देनजर 24 नवंबर से पहले श्री करतारपुर साहिब गलियारा खोला जाए, ताकि श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकें। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज गांव सराभा में शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने शहीद करतार सिंह सराभा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और समारोह को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में देश की आजादी के लिए फांसी का फंदा चूमकर स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीद सराभा के बलिदान को आज भी याद किया जाता है और 111 वर्ष बीत जाने के बावजूद उनकी स्मृति में मेले आयोजित किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा की शहादत तथा पंजाब की अन्य ऐतिहासिक घटनाओं और स्मारकों को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को पंजाब के इतिहास और शहीदों के बलिदानों के बारे में जानकारी मिल सके।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाले समारोह के दौरान पंजाब की झांकी में बैलगाड़ियों की झलक भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की समृद्ध संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने गांव सराभा में 40 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए आम आदमी क्लिनिक का उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने गांव के स्टेडियम के विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।
