पटियाला (मनप्रीत सिंह):- ज्ञान ज्योति एजुकेशन सोसाइटी द्वारा प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से “स्वच्छ पटियाला, हरित पटियाला” अभियान के तहत सफाई जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में आज पटियाला के बारादरी गार्डन से फव्वारा चौक तक आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया।
इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। तख्तियों पर लिखे नारों में “सभी रोगों की एक दवाई, घर में रखो सफाई”, “जन-जन में अलख जगाएं, धरती को स्वच्छ बनाएं”, “सफाई है महाअभियान, सफाई में दें योगदान”, “स्वच्छता अपनाएं, देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाएं”, “हम सबका एक ही नारा, साफ-सुथरा देश हमारा” और “Say No to Plastic” शामिल थे। प्रतिभागियों ने इन नारों को बुलंद भी किया।
इस अवसर पर सोसाइटी के प्रधान उपकार सिंह ने कहा, “आइए, मिलकर सफाई करें और सुंदर पंजाब का निर्माण करें। हमारी इस मुहिम से जुड़ें।”
इस मौके पर पूर्व चेयरमैन हरिंदरपाल शर्मा ने पटियाला में बढ़ते प्रदूषण के स्तर पर चिंता जताई और आम जनता से “स्वच्छ पटियाला, हरित पटियाला” अभियान में सहयोग करने की अपील की।
इस अभियान में आम लोगों और सोसाइटी के सदस्यों ने भाग लिया।
