अंबाला, 21 नवंबर (आर. सिंह):- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी फूल चंद मुलाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री आज अंबाला शहर के सेक्टर 7 स्थित उनके निवास पर पहुंचे और उनके पुत्र एवं अंबाला लोकसभा सांसद वरुण मुलाना तथा पुत्रवधू एवं मुलाना विधायक पूजा चौधरी सहित शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। उन्होंने स्वर्गीय फूल चंद मुलाना के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और इस कठिन समय में परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने के लिए परमात्मा से प्रार्थना की।

श्री फूल चंद मुलाना लंबे समय से बीमार थे और 85 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने परमात्मा से शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की भी कामना की।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल नन्यौला, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा सहित अन्य लोगों ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।