अंबाला, 12 नवंबर (आर. सिंह):-हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि छठ पूजा देश का एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसमें छठी मैया की पूजा की जाती है। हमारे शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग इस त्योहार को मनाते हैं और घाट पर खड़े होकर पूजा-अर्चना करते हैं। विज ने कहा कि यहां पहले कोई पक्का घाट नहीं था। लोग जमीन के एक खाली भूखंड में पानी भरकर पूजा करते थे। अब अंबाला छावनी में एक एकड़ जमीन पर पक्का घाट बनाया जा रहा है। शौचालय, कपड़े बदलने के कमरे, बिजली और अन्य सुविधाओं सहित बाकी काम छठ पूजा के बाद पूरा किया जाएगा।
आज सुबह श्री विज ने अंबाला छावनी में टांगरी नदी के पुल के साथ चांदपुरा में छठ घाट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा की व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बातचीत की और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अधिकारियों को छठ पूजा के लिए रोशनी, पानी और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट को भरने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने तथा छठ घाट के नाम का बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि छठ घाट का निर्माण ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से किया जा रहा है। विज ने घाट के निर्माण के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 50 लाख रुपये आवंटित किए थे और इस राशि का उपयोग घाट के निर्माण में किया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री के निरीक्षण के लिए छठ घाट पहुंचने पर मिथिलांचल नवयुवक सेवा समिति ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पार्षद जसबीर सिंह जस्सी, मदन लाल शर्मा, सुदर्शन सिंह सहगल, फकीरा चंद सैनी, रवि जाट, नगर परिषद के चेयरमैन हरीश गोयल, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
