होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने उन परिवारों से आग्रह किया कि जिन्होंने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं करवाए हैं, वे 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करवाकर फॉर्म जमा करें। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिले ने स्व-गणना प्रक्रिया में पंजाब भर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने जिले के नागरिकों का धन्यवाद किया और कहा कि इस भागीदारी को और बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उन परिवारों से अपील की, जिन्होंने फॉर्म भरना शुरू किया है, लेकिन अभी तक उसे अंतिम रूप से जमा नहीं किया है, वे इसे जल्द पूरा करें। केवल फॉर्म शुरू करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे पूरी तरह भरकर जमा करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और जनगणना के आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं तथा जनसुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में सहायक होंगे।
इसी कड़ी में एसडीएम होशियारपुर परमप्रीत सिंह और एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार की ओर से भी अपने-अपने उपमंडलों में विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व, ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया और निर्धारित समय सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही नागरिकों को इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला जनगणना कार्य के प्रभारी डॉ. राधा रमन तथा जिला कोऑर्डिनेटर अंकित दलाल और नीतीश तिवारी भी जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से इस प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक अपनी स्व-गणना पूरी कर जिले की बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करें।
