हरोली/ऊना, 25 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ऊना की ओर से हरोली में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष शशिपाल सैनी और महासचिव संजीव कुमार ने प्रेस को संबोधित करते हुए सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों से दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्णय का कड़ा विरोध किया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के किसी भी अन्य विभाग में कर्मचारियों से दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज नहीं करवाई जा रही है। ऐसे में शिक्षा विभाग में सीबीएसई शिक्षकों के लिए दिन में तीन बार अटेंडेंस की व्यवस्था लागू करने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए।

संघ ने सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए यूनिफॉर्म लागू करने का भी विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शिक्षकों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य की जाती है तो सरकार को शिक्षकों को यूनिफॉर्म भत्ता भी प्रदान करना चाहिए। संघ ने सरकार से इस संबंध में जल्द स्पष्ट नीति और यूनिफॉर्म भत्ते की घोषणा करने की मांग की।

प्रवक्ता संघ ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से रजिस्ट्रेशन फीस में की गई बढ़ोतरी पर भी आपत्ति जताई। संघ के अनुसार पहले नौवीं कक्षा में रजिस्ट्रेशन फीस 50 रुपये ली जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 200 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा 11वीं कक्षा में विद्यार्थियों से दोबारा रजिस्ट्रेशन फीस लिए जाने का भी संघ ने विरोध किया। संघ ने इसे विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए फीस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।

संघ ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से पिछले वर्ष का लंबित मानदेय जल्द जारी करने की मांग की। इसमें उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन सहित अन्य लंबित मानदेय शामिल हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों से समय पर कार्य लिया जाता है, इसलिए उनके लंबित भुगतान को भी समयबद्ध तरीके से जारी किया जाना चाहिए।

इसके अलावा संघ ने प्रदेश सरकार से लंबित डीए की किश्तें जल्द जारी करने तथा पे-कमीशन के लंबित एरियर का भुगतान करने की मांग उठाई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े इन वित्तीय मामलों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार, यशपाल धीमान, चीफ प्रेस सेक्रेटरी सतीश कालिया, ब्लॉक हरोली एडवाइजर रवि राणा, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष राजीव कुमार, वेब सेक्रेटरी विपिन शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट संदीप धीमान, अरुण पाठक, ज्वाइंट सेक्रेटरी राकेश कुमार, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी पूनम बहरा, समन्वय समिति अध्यक्ष नरेश सैनी, जिला स्टीयरिंग कमेटी वाइस चेयरमैन नवीन धीमान, एजुकेशन बोर्ड समिति वाइस चेयरमैन सुभाष सैनी, परफॉर्मेंस रिव्यू कमेटी चेयरमैन गुरमीत सिंह, मीडिया सेक्रेटरी अंकुर महे, रविश बग्गा, धर्मेंद्र चौधरी सहित प्रवक्ता कमलजीत सिंह, पुरुषोत्तम कुमार, पवन बग्गा, सुरेंद्र कुमार, राहुल लठ, दविंदर सिंह, बलजीत सैनी, संदीप कुमार, सरबजीत, रेनू बाला, अविनाश कुमार, अनीता गिल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।