करनाल, 10 नवंबर (प्रवीण वालिया):- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सनातन धर्म में भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का पहला वास्तुकार, शिल्पकार और इंजीनियर माना जाता है। आज आवश्यकता उनके द्वारा स्थापित मार्गदर्शक सिद्धांतों और नियमों का पालन करने की है। उन्होंने लोगों से परिवार में रोल मॉडल बनने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया, ताकि बच्चे उनका अनुसरण कर जीवन में श्रेष्ठ नागरिक बनें और समाज व राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकें। उन्होंने घरौंडा में विश्वकर्मा चौक का अनावरण भी किया।
श्री कल्याण विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आज घरौंडा के विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों को विश्वकर्मा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का इंजीनियर भी कहा जाता है। उन्होंने सृष्टि के निर्माण, वास्तुकला और तकनीकी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए कुछ मार्गदर्शक सिद्धांत और नियम स्थापित किए हैं, जिनका पालन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज नई चुनौतियों का सामना करने की आवश्यकता है। केवल ईंट-पत्थरों से किया गया विकास पर्याप्त नहीं है। उन्होंने लोगों से परिवार में रोल मॉडल बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया। यदि स्वयं का आचरण श्रेष्ठ होगा तो परिवार के बच्चे भी उसका अनुसरण करेंगे। आज जरूरत केवल बच्चों को संस्कृति से जोड़कर संस्कारवान बनाने की ही नहीं, बल्कि उनमें यह भावना पैदा करने की भी है कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। उन्होंने कहा कि देखने में आया है कि कुछ नौजवान शिक्षित होने के बाद छोटे काम करने से संकोच करते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता। कर्मशील व्यक्ति ही आगे बढ़ता है।
श्री कल्याण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर का उदाहरण देते हुए कहा कि इन सभी महान हस्तियों का संबंध गरीब परिवारों से रहा है, लेकिन कड़ी मेहनत और तपस्या के बल पर इन्होंने नई बुलंदियों को छुआ। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र तेजी से विकास कर रहा है और दुनिया में भारत का रुतबा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि तरक्की की शुरुआत जमीनी स्तर से होती है। शीर्ष नेतृत्व केवल दिशा देने का काम करता है। समाज और राष्ट्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करे। उन्होंने कहा कि आज युवा शक्ति को नशाखोरी से बचाने की जरूरत है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और स्वच्छता पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के हित में किया गया कार्य पुण्य के समान होता है। श्री कल्याण ने कहा कि क्षेत्र की तरक्की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को मिलकर काम करना है।
इसके बाद उन्होंने नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद भगवान श्री विश्वकर्मा चौक का अनावरण किया। इस अवसर पर विश्वकर्मा समाज से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन हैप्पीलक गुप्ता, विश्वकर्मा सभा के संरक्षक रामकिशन धीमान, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी और कमल कांत धीमान ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पार्षद अनुज गुप्ता, अमित, अनिल जावा, जयभगवान, व्यापार मंडल के प्रधान पवन, विश्वकर्मा सभा के प्रधान गुलाब, सचिव श्रवण, पूर्व प्रधान धर्मपाल, राजेंद्र, धर्मपाल, भाजपा मंडल महामंत्री सुरेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।
