दविंदर कौर (खरड़), 18 नवंबर 2026:- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की है कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने पर राज्य की सभी अवैध कॉलोनियों को ‘जैसी हैं, जहां हैं’ के आधार पर नियमित करने के लिए एकमुश्त निपटारा योजना लाई जाएगी और संपत्तियों की खरीद-फरोख्त के लिए एनओसी की शर्त समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एनओसी की शर्त भ्रष्टाचार का साधन बन चुकी है और सरकार बनने पर इसे तुरंत खत्म कर दिया जाएगा।

खरड़ हलका प्रभारी रविंदर सिंह खेड़ा की ओर से व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ आयोजित एक बड़ी बैठक को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि अगली अकाली सरकार ‘बिल्ड पंजाब’ नाम से एक नया विभाग स्थापित करेगी, जो नक्शों की मंजूरी सहित सभी सरकारी अनुमतियां एक महीने के भीतर देना सुनिश्चित करेगा। इसके साथ ही विकास शुल्क सहित विभिन्न करों को तर्कसंगत बनाकर आम लोगों और कारोबारियों को राहत दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन अवैध कॉलोनियों में सीवरेज, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है, उन्हें सरकार अपने अधीन लेकर विकास कार्य करवाएगी। ऐसे प्रोजेक्टों के संबंध में डेवलपरों से भी सरकार स्वयं निपटेगी। छोटे दुकानदारों को राहत देने के लिए पिछली अकाली सरकार की राहत योजना दोबारा लागू करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों को सालाना केवल 1,000 रुपये एकमुश्त जीएसटी के रूप में अदा करने होंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ अकाली नेता एन.के. शर्मा, रविंदर सिंह खेड़ा, परमिंदर सिंह सोहाना और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य अजमेर सिंह खेड़ा सहित अन्य नेता तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।