हांसी:– राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में स्मरण उत्सव का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम मे हांसी के विधायक विनोद भयाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया की उपस्थित में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने की।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं आम जन मानस ने वंदे मातरम गीत का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने आए हुए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि हम बहुत ही सौभाग्यशाली हैं कि हम इस अवसर के साक्षी बन रहे हैं।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद भयाना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल दो शब्द नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आत्म-प्रेरणा और अस्तित्व का आधार है। यह गीत भारत माँ के प्रति समर्पण, निष्ठा और बलिदान की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् की रचना बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने अपने कालजयी उपन्यास आनंदमठ में की थी और माना जाता है कि इसकी रचना 7 नवंबर 1875 (अक्षय नवमी) को पूर्ण हुई। यह गीत साहित्य तक सीमित न रहकर स्वतंत्रता आंदोलन का बुलंद घोष बना।
वहीं प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने वंदे मातरम् के 150वें स्मरण पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि वे बच्चों को पाठ्यज्ञान के साथ–साथ राष्ट्रीय भावना, सामाजिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों से भी समृद्ध करें।
हम सभी भारतीयों का कर्तव्य है कि मातृभूमि के सम्मान में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, बिजेंद्र लोहान, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी संदीप आजाद, कार्यक्रम संयोजक पार्षद मनजीत सिंह जांगड़ा, राजपाल यादव, सुभाष यादव राजकुमार पहल, पवन शर्मा, नीरज देवी, प्रवीण सैनी, डॉ श्री शर्मा, ओमपाल यादव, भतेरी देवी, प्रीति सैन, कुलदीप जांगड़ा, प्रवीण बंसल, गोल्डी सैनी, नीलम जांगड़ा, तनुज खुराना, मनोज संदुजा, पवन शर्मा सुल्तानपुर, श्याम खाण्डा, अशोक कनोजिया, वजीर जमावडी, शिवम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं आमजन मानस उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय मे मनाया राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का 150वां स्मरण उत्सव
