चंडीगढ़, 24 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को पंजाब के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह गठबंधन राज्य को मजबूती देने, नई दिशा प्रदान करने और लोगों के सम्मान की रक्षा करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन और स्वाभाविक साझेदारी है। इसका उद्देश्य पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना और राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हरियाणा और देशवासियों, विशेषकर पंजाब की संगत और राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सेवा, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए इस गठबंधन की पहल की है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के समय से भाजपा और अकाली दल के बीच चले आ रहे संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। यह गठबंधन पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने, किसानों को सम्मान देने, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा गरीबों के कल्याण के लिए काम करेगा। उन्होंने पंजाब के लोगों से एकजुट होकर राज्य को मजबूत बनाने और नई दिशा देने में भागीदार बनने का आह्वान किया।
