नवांशहर (जतिंदरपाल सिंह कलेर, 11 नवंबर):- आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नवांशहर हलका इंचार्ज रोबी कंग ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा अपनी नाकामी का ठीकरा पंजाब के किसानों पर फोड़ना बंद करे।

रोबी कंग ने कहा कि दिवाली की रात दिल्ली में पटाखों के कारण बढ़े प्रदूषण की जिम्मेदारी से बचने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पंजाब के किसानों को बदनाम करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए पंजाब को निशाना बनाने के बजाय केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी समझे और उसे निभाए।

उन्होंने कहा कि हर साल प्रदूषण बढ़ने पर भाजपा पंजाब के किसानों को दोषी ठहराकर अपना पल्ला झाड़ लेती है, जबकि दिल्ली में प्रदूषण के अपने कारणों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने मांग की कि पंजाब के किसानों को बेवजह बदनाम करना बंद किया जाए और केंद्र सरकार दिल्ली के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए।