हांसी:– भारतीय जनता पार्टी,जिला हांसी के जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों,मंडल सह-प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा जिलाध्यक्षों की बैठक भाजपा जिला कार्यालय, हांसी में जिलाध्यक्ष अशोक सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में इस अभियान के प्रदेश सह-संयोजक विकास दहिया उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विकास दहिया ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रमों से किया जाएगा तथा समापन विश्व योग दिवस पर होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान एवं प्रगति पथ यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनकल्याण शिविर, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी तथा प्रबुद्धजन सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इन सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य प्रत्येक कार्यकर्ता को करना है। उन्होंने सभी मंडलों एवं मोर्चों से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का आग्रह किया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट धर्मवीर रतेरिया ने किया। कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला सह-संयोजक एवं जिला कार्यालय प्रभारी मनजीत सिंह जांगड़ा, एवं ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राममेहर वैरागी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल सह-प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चों के जिलाध्यक्ष सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।