अंबाला, 21 नवंबर (आर. सिंह):- पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने स्वर्गीय चौधरी फूल चंद मुलाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। वह दिवंगत नेता को अंतिम विदाई देने के लिए अंबाला पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस अवसर पर हुड्डा ने कहा कि पूर्व मंत्री और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी फूल चंद मुलाना का अचानक निधन बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि मुलाना जी न केवल एक कुशल संगठनकर्ता और अनुभवी प्रशासक थे, बल्कि बेहद मिलनसार, सरल और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी भी थे। प्रदेश की तरक्की और संगठन की मजबूती में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। सरल स्वभाव वाले मुलाना जी की याद हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा को एक पूर्णकालिक मुख्यमंत्री की जरूरत है, क्योंकि प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री हरियाणा के बजाय पंजाब में अधिक समय बिताते हैं और वहां खोखले वादे करते रहते हैं। मुख्यमंत्री पंजाब में 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा कर रहे हैं, जबकि उन्होंने हरियाणा में ऐसा कोई वादा पूरा नहीं किया है।
हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) देने का वादा करते हैं, जबकि हरियाणा के किसान MSP के लिए तरस रहे हैं। आज गन्ना किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य पाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार उनकी बात तक नहीं सुन रही है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस तरह भाजपा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती कर रही है, जिनकी नौकरियों की कोई गारंटी नहीं है, उसी तरह भाजपा ने हरियाणा के लिए एक अस्थायी मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।
