हांसी (दिनकर गावड़ी):- ऑटो मार्केट हांसी में बाबा विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर्य समाज के पुरोहित सत्यदेव शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन करके किया गया। यज्ञ में उपस्थित सभी सदस्यों ने आहुतियां डालकर भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि एवं व्यापार में उन्नति की कामना की।
यज्ञ के पश्चात बाबा विश्वकर्मा के भक्तों के लिए भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर ऑटो मार्केट के संरक्षक परविन्द लोहान ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण एवं शिल्पकला का देवता माना जाता है। उनका जीवन हमें कर्म, कौशल, मेहनत और निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। हमें उनके आदर्शों को अपनाते हुए अपने कार्य एवं व्यवसाय में ईमानदारी और गुणवत्ता को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से एसडीएम राजेश खोथ को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ऑटो मार्केट प्रधान दशरथ मलिक, उपप्रधान कमांडो, जय सिंह पाली, राजू जैन, मुकेश मलिक, अनिल नागपाल, बलवान सूरा, विनोद सैनी, सुरेन्द्र पहलवान, सुखदेव मिस्री, सुरेन्द्र कुंगड़िया सहित ऑटो मार्केट के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सदस्य उपस्थित रहे।
