चंडीगढ़, 10 नवंबर:- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज और 883 बिस्तरों वाले टीचिंग अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार संबंधी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इन प्रावधानों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को इलाज में सब्सिडी का लाभ मिलेगा और वे किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल के संचालन एवं रखरखाव (Operation and Maintenance) से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार में सब्सिडी और अस्पताल में विशेष सुविधाओं से संबंधित प्रावधानों के बारे में निर्देश भी दिए गए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो और उन्हें किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी खोलने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को कम कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां मिल सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज के साथ-साथ मरीजों के लिए दवाइयों की उपलब्धता भी आसान और किफायती होनी चाहिए।
बैठक में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए सीटों और फीस से संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सीटों और फीस ढांचे को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, नगर एवं ग्राम आयोजना तथा शहरी संपदा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री सी.जी. रजनीकांतन, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
