खरड़ (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 22 अक्तूबर:- युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों से अवगत कराने, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजिज, खरड़ में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस.ए.एस. नगर, वरुण शर्मा और पुलिस अधीक्षक (यातायात) रमनदीप सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) करनैल सिंह ने विद्यार्थियों को नशों से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशों का सेवन युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्हें नशों से दूर रहकर खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों से वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने, लाल बत्ती पार न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब या नशे के प्रभाव में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की गई।
विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय मानवीय मूल्यों और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें समझाया गया कि एंबुलेंस को तुरंत रास्ता देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की बिना किसी डर के मदद करनी चाहिए।
विद्यार्थियों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने के कानूनी परिणामों के बारे में भी बताया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर पहली बार उल्लंघन के लिए 5,000 रुपये और दूसरी बार उल्लंघन के लिए 10,000 रुपये का जुर्माना हो सकता है। इसके अतिरिक्त, कानून के लागू प्रावधानों के अनुसार छह महीने तक की कैद और तीन महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
सेमिनार के अंत में करनैल सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने, अनुशासन अपनाने और समाज में नशों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजिज, खरड़ की प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. मीना जेतली, प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉ. प्रीत मोहिंदर सिंह, स. बाथ सिंह और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में ऐसा जागरूकता सेमिनार आयोजित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस का धन्यवाद किया।
