हरोली/ऊना, 25 जून (राजवीर चोपड़ा):- अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शपथ समारोह एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशा विरोधी नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर ही एक सशक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ-साथ नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के नशामुक्ति सेल की प्रभारी डॉ. निधि शर्मा तथा डॉ. शकुंतला राणा, डॉ. रिचा शर्मा एवं अन्य स्टाफ सदस्यों के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. आर.एस. डडवाल ने उपस्थित सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
