अम्बाला, 21 नवंबर (आर. सिंह):- हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम की ओर से वरिष्ठ रंगकर्मी जसदीप बेदी ने आज जारी एक बयान में हरियाणा सरकार से मांग की है कि प्रदेश के कलाकारों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले राज्य सरकार द्वारा कला की विभिन्न विधाओं से जुड़े वरिष्ठ कलाकारों को हर वर्ष सम्मानित करने की परंपरा रही है, लेकिन पिछले कई वर्षों से इस परंपरा का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे हरियाणा के कलाकारों में भारी रोष पाया जा रहा है।

इसके साथ ही हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम ने प्रदेश में जिला स्तर पर कला भवन बनाए जाने की अपनी मांग को भी दोहराया है। जसदीप बेदी ने कहा कि कला भवन बनने से युवा पीढ़ी को हरियाणा की कला एवं संस्कृति को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन कला भवनों में ऑडिटोरियम, रिहर्सल हॉल और संग्रहालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बहुत अच्छे प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदेश के कलाकारों के लिए भी सार्थक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हरियाणा में बनी फिल्मों को सब्सिडी देने से राज्य में फिल्म उद्योग का भविष्य उज्ज्वल हुआ है। बेदी ने सरकार की उस घोषणा का भी स्वागत किया, जिसमें बुजुर्ग कलाकारों को पेंशन देने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के कलाकारों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि कला की विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकारों को रिहर्सल से लेकर कार्यक्रमों की प्रस्तुति तक कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिला स्तर पर कला भवनों का निर्माण होने से कलाकारों को निश्चित रूप से बड़ी सुविधा मिलेगी और हरियाणा की संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

हरियाणा आर्टिस्ट्स फोरम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उम्मीद जताई कि वे प्रदेश के कलाकारों की इन जायज मांगों को जल्द पूरा करेंगे।