हिसार:– एंटी नार्कोटिक्स सेल हांसी पुलिस ने आज नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए थाना शहर क्षेत्र साईं कॉलोनी व चार कुतुब गेट हांसी में पुलिस ने डॉग स्क्वाड टीम सहित संदिग्धों के निवास स्थान सहित अनेक जगहों पर सर्च ऑपरेशन के तहत जांच की। एंटी नार्कोटिक सेल हांसी पुलिस ने डॉग स्क्वाड टीम सहित गांव साईं कॉलोनी व चार कुतुब गेट हांसी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 
इस दौरान संदिग्धों के निवास स्थानों की जांच सहित अन्य जगह की छानबीन की गई कि कहीं किसी जगह कोई मादक पदार्थ न छुपा रखा हो या कोई नशा बेचने वाला न रहता हो। अभियान के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। 
पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन ने कहा कि चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना व अपराधियों में भय उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में मुख्य रूप से नशे का कारोबार करने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस ने हर संदिग्ध जगह पर जांच की। 
इस दौरान मादक पदार्थ या संदिग्ध वस्तु का कोई मामला सामने नहीं आया। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के अलावा वहां मौजूद आमजन से कहा कि किसी प्रकार के मादक पदार्थ बेचने वाले या अन्य किसी अपराधी के बारे में नेशनल हेल्प लाइन नंबर 1933 या कंट्रोल रूम हांसी 8813089302 पर सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। 
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाया जा रहा सर्च अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। हांसी पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों के माध्यम उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।