नवांशहर (देस राज बाली):- वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन, नवांशहर द्वारा हर वर्ष की तरह अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में वार्षिक समारोह शुक्रवार, 23 अक्तूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.के. पुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह पंडोरा मोहल्ला स्थित बाई जी की कुटिया में आयोजित होगा और सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

समारोह में शहीद भगत सिंह नगर के उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पुलिस, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में उपस्थित सदस्यों और उनके परिवार के सदस्यों के सहयोग से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

एसोसिएशन की ओर से सभी उपस्थित लोगों के लिए दोपहर के भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। अध्यक्ष पुरी ने एसोसिएशन के सभी सम्मानित सदस्यों से अपने परिवार के सदस्यों सहित समारोह में समय पर पहुंचने की अपील की है।

इस अवसर पर महासचिव सुखदेव शर्मा, उपाध्यक्ष ललित ओहरी, सचिव हुसन लाल बाली, वित्त सचिव अशोक शर्मा और प्रेस सचिव पुरुषोत्तम बैंस सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।