चंडीगढ़:- बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने जान से मारने की धमकी दी है। गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा है कि दोनों अपनी सुरक्षा के लिए चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, वे उन्हें नहीं बचा पाएंगे। उसने दोनों को उनके बुलेटप्रूफ केबिन के अंदर ही मारने की धमकी दी है।
यह धमकी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा मुंबई में गैंगस्टर के दो सहयोगियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किए जाने के बाद सामने आई है। गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट में कहा कि उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी से उसके गिरोह की गतिविधियों या किसी भी योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
**मुंबई में 200 सहयोगियों के मौजूद होने का दावा**
गैंगस्टर ने अपनी पोस्ट में गिरफ्तार किए गए विकास ठाकुर और दीपक सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वे केवल उसके समूह से जुड़े हैं और उन्हें किसी अन्य गिरोह से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उसने दावा किया कि मुंबई में उसके 200 अन्य सहयोगी मौजूद हैं और वे किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
