हांसी (दिनकर गावड़ी):- चादर पुल क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से हुई दुर्घटना में घायल हुए चारों व्यक्ति अब खतरे से बाहर हैं और उनका हिसार स्थित मलिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिला प्रशासन घायलों के स्वास्थ्य और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए लगातार निगरानी रख रहा है।

डीसी राहुल नरवाल के निर्देशानुसार एसडीएम राजेश खोथ, तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित मकानों में हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने और इसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन नुकसान का आकलन करवा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। प्रशासन की प्राथमिकता है कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एसडीएम राजेश खोथ ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना में घायल हुए चारों व्यक्तियों के उपचार पर होने वाला खर्च जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद घायलों के परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों से कहा कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें और घायलों के उपचार पर पूरा ध्यान दें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहकर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायता सुनिश्चित की जाए।

उल्लेखनीय है कि 17 नवंबर को सुबह करीब सात बजे शेखपुरा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले चादर पुल क्षेत्र स्थित एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से दुर्घटना हो गई थी। इस हादसे में 45 वर्षीय नवीन, सुनीता, 12 वर्षीय निखिल तथा छह वर्षीय मीत घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया गया, जिसके बाद एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें हिसार स्थित मलिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार चारों घायल व्यक्ति खतरे से बाहर हैं।

इस दुर्घटना में संबंधित मकान के अलावा आसपास स्थित तीन से चार अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रभावित मकानों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। संबंधित विभागों को आवश्यक जानकारी जुटाकर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।

डीसी राहुल नरवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी न हो। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ प्रभावित मकानों में हुए नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया है कि उन्हें हरसंभव सहायता और सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।