अमृतसर (हरमिंदर सिंह नागपाल):- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के लगातार छठी बार सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी लंबे समय से इस सिख संस्था से जुड़े हुए हैं। वर्ष 1956 में जन्मे एडवोकेट धामी बीए और एलएलबी स्नातक हैं तथा चार दशकों से वकालत के पेशे से जुड़े हुए हैं। वह 1996 में पहली बार शिरोमणि कमेटी के सदस्य बने और तब से लगातार सदस्य चुने जाते रहे हैं। वह धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य और अंतःप्रबंधक कमेटी के सदस्य भी रहे हैं।
एडवोकेट धामी 2019 में शिरोमणि कमेटी के महासचिव चुने गए, जिसके बाद 2020 में उन्होंने शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव के प्रशासनिक पद पर सेवाएं निभाईं। इसके बाद नवंबर 2021 में वह पहली बार शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष बने और अब लगातार छठी बार इस पद पर चुने गए हैं। उन्हें सिख मामलों की गहरी समझ है और वह एक ईमानदार नेता के रूप में जाने जाते हैं। वह सिख संघर्ष के योद्धाओं के मुकदमों की पैरवी भी करते रहे हैं।
अपने कार्यकाल के दौरान एडवोकेट धामी को सिख धर्म के इतिहास से जुड़ी कई शताब्दियां मनाने का अवसर भी मिला। अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने सिख संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की वित्तीय मजबूती पर विशेष ध्यान दिया। शिरोमणि कमेटी की ओर से सिख युवाओं को उच्च प्रशासनिक सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करने और तैयार करने पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप निशचय प्रशासनिक सेवाएं अकादमी अस्तित्व में आई। यह अकादमी योग्य विद्यार्थियों को निःशुल्क तैयारी करवाने का कार्य कर रही है।
एडवोकेट धामी की एक विशेषता यह भी है कि वह सिख संगठनों के साथ हमेशा तालमेल बनाए रखते हैं, जिसके चलते उन्हें सभी पंथक संगठनों और संस्थाओं का भरपूर सहयोग मिलता है।
जनरल इजलास के दौरान चुने गए पदाधिकारी
अध्यक्ष: एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: स. रघुजीत सिंह विरक
कनिष्ठ उपाध्यक्ष: स. गुरबख्श सिंह खालसा
महासचिव: स. गुरप्रीत सिंह झब्बर
चुने गए कार्यकारिणी सदस्य
स. मोहन सिंह बंगी
स. बावा सिंह गुमानपुरा
स. रणजीत सिंह काहलों
स. नवतेज सिंह काउणी
बीबी परमजीत कौर मूनक
स. रविंदर सिंह खालसा
स. दर्शन सिंह बराड़ मोठांवाली
स. चरण सिंह आलमगीर
स. गुरिंदरपाल सिंह गोरा
स. कुलदीप सिंह नस्सूपुर
बीबी नरिंदर कौर रानियां
