फतेहाबाद, 06 मार्च:- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत जिला पुलिस द्वारा नशा पीड़ितों को उपचार उपलब्ध करवाने और उन्हें नशे की लत से बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद तथा नशा मुक्ति टीम टोहाना द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार व परामर्श उपलब्ध करवाया गया।
नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने उपनिरीक्षक सुंदर के कुशल नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में 02 नशा पीड़ितों को दाखिल करवाया। इसके अलावा अस्पताल में पहले से उपचाराधीन अन्य पीड़ितों से मिलकर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात टीम द्वारा अशोक नगर फतेहाबाद के 02 तथा गांव जल्लोपुर के 04 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। टीम ने इन पीड़ितों से बातचीत कर उनकी ड्रग हिस्ट्री के बारे में जानकारी ली और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही 03 उपचाराधीन पीड़ितों को काउंसलिंग उपरांत आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इसके अतिरिक्त टीम द्वारा भूना के वार्ड नंबर 4 व 5 में उपचाराधीन चल रहे पीड़ितों से मिलकर उनका फीडबैक लिया गया तथा उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।
वहीं दूसरी ओर नशा मुक्ति टीम टोहाना ने सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में सदर टोहाना क्षेत्र के गांव करंडी में डोर टू डोर सर्वे अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने गांव में पांच नशा पीड़ितों की पहचान की। टीम द्वारा इन पीड़ितों से बातचीत कर उनकी ड्रग हिस्ट्री जानी गई और उन्हें काउंसलिंग के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
इसके उपरांत उन्हें आयुष पद्धति की दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं तथा सरकारी व निजी अस्पतालों में उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ पीड़ित पहले से ही जाखल के नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन हैं, जबकि एक अन्य पीड़ित को कुछ दिन पूर्व ही नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया जा चुका है।
जिला पुलिस द्वारा ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध करवाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत नशा मुक्ति टीम की कार्रवाई कई नशा पीड़ितों को अस्पताल में करवाया दाखिल व दी काउंसलिंग
