अमृतसर:- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने रामतीर्थ रोड पर एक कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में फरार आरोपी आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, निवासी कादियां, को घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए बताया कि आज जब पुलिस टीम ने उक्त आरोपी को रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन उसके द्वारा पुलिस टीम पर गोली चलाने के बाद पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी की टांग में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल (.30 बोर), दो इस्तेमाल किए हुए कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। स्कूटर के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, उक्त आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक मामले में वांछित भी था। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी आकाश ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर बटाला में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान से पिस्तौल की नोक पर करीब ढाई लाख रुपये लूटे थे। इस वारदात में शामिल उसके चार अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।

उन्होंने कहा कि यह भी सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी अपराधी अंग्रेज सिंह उर्फ छोटू को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की योजना बना रहे थे। छोटू के खिलाफ करीब 15 मामले दर्ज हैं और वह इस समय जेल में बंद है।