होशियारपुर:- पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने कहा कि पंजाब के हालात प्रतिदिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। खन्ना ने कहा कि गत ५ दिनों में जालंधर, बलाचौर और होशियारपुर में 3  गोलीकांड हो चुके हैं जो इस बात का सबूत है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने जंगल राज स्थापित कर दिया है।
खन्ना ने उक्त घटनाओं पर चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि पंजाब में भगवंत मान नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी पंजाब सँभालने योग्य नहीं है। आप सरकार का अपराध पर कोई नियंत्रण नहीं रहा है। कानून व्यवस्था का पंजाब में जनाजा निकल चुका है। आम आदमी पार्टी के राज में केवल अपराध और नशों के व्यापार ने पैर पसरे हैं। पंजाब में जनता की कोई सुरक्षा नहीं है। 
खन्ना ने कहा कि प्रतिदिन कत्लेआम, फिरौती, लूटपाट की बढ़ रही घटनाओं की जिम्मेदार आम आदमी पार्टी सरकार है जो अपने निजी राजनीति स्वार्थों की पूर्ती के लिए पंजाब की जनता की सुरक्षा को भूल चुकी है। पंजाब के जो हालात बन चुके हैं उनमे प्रदेश के विकास की बात करना तर्कसंगत नहीं है क्यूंकि पंजाब की जनता प्रथम मूलाधिकार सुरक्षा और कानून व्यवस्था से ही वंचित हो चुकी है। 
खन्ना ने कहा कि एक तरफ भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अपराध का खात्मा हो चुका है और दूसरी तरफ पंजाब के हालात यू.पी. के पुराने हालातों जैसे बन चुके हैं । खन्ना ने कहा कि यह केवल पंजाब सरकार के कमजोर नेतृत्व के कारण है जिसका खामियाजा पंजाब की जनता को अपनी जाने गंवाकर भुगतना पड़ रहा है। 
खन्ना ने कहा कि पंजाब का भविष्य जनता के हाथ में है। उन्होंने अपील की कि आगामी लोकसभा चुनावों में पंजाब की बागडोर आम आदमी पार्टी से छीनकर भाजपा के मजबूत हाथों में दे ताकि पंजाब में अमन शान्ति और कानून व्यवस्था बहाल हो सके और पंजाब में रुकी हुई प्रगति को गति मिले।