हांसी:– एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती के उपलक्ष्य पर 20 नवंबर 2025 को हांसी में एकता पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा स्थानीय एस डी महिला महाविद्यालय से प्रातः8:30 बजे प्रारंभ होगी।
राजेश खोथ सोमवार को संयुक्त कार्यालय परिसर में एकता पदयात्रा की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। एकता पदयात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर उन्होंने अधिकारियों तथा कर्मचारियों की  ड्यूटी का निर्धारित करते हुए इसे पूरी कर्तव्य निष्ठा के साथ निभाने के निर्देश दिए। 
उन्होंने कहा कि एकता पदयात्रा स्थानीय एस डी महिला महाविद्यालय से 20 नवंबर यानी वीरवार को सुबह 8:30 बजे प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि एकता पदयात्रा एस डी महिला महाविद्यालय से प्रारंभ होकर उमरा गेट, तिकोना पार्क, चार कुतुब गेट, सरदार वल्लभभाई पटेल चौक, शहीदी स्मारक,  बड़सी गेट, अंबेडकर चौक तथा जाट धर्मशाला से होती हुई वापिस एसडी महिला कॉलेज पहुंचेगी। यहां आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा संबोधन दिया जाएगा। 
 एसडीएम राजेश खोथ ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह सरदार वल्लभभाई पटेल चौक, शहीदी स्मारक, पदयात्रा शुभारंभ स्थल सहित अन्य सभी जगहों की साफ सफाई करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग को पदयात्रा के दौरान स्वच्छ पेयजल, डस्टबिन की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों की टीम सहित एक एंबुलेंस गाड़ी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।