संतोषगढ़/ऊना, 27 फरवरी (सुरेश बसन):- ऊना खंड के छतरपुर डाढा गांव में शुक्रवार को वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक समिति शाखा अजौली की ओर से नाबार्ड के प्रायोजन में आयोजित किया गया।
शिविर में गांव की महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक राम कुमार कालिया ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं जैसे किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह ऋण, गृह ऋण, शिक्षा ऋण, वाहन ऋण तथा फसल बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अटल बीमा योजना एवं अन्य बचत योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। इसके साथ ही डिजिटल बैंकिंग के उपयोग, ऑनलाइन लेनदेन की सुविधाओं तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
शाखा प्रबंधक ने उपस्थित ग्रामीणों को फ्रॉड कॉल से सतर्क रहने और अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी।
शिविर में परमजीत, प्रवेश, राज कुमार, नरिंदर पाल, संजीव कुमार, राजीव व दीपक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।