संतोषगढ़/ऊना, 10 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- ऊना विधानसभा क्षेत्र के गांव अजौली में मंगलवार को झाड़ियों में अचानक आग लगने का मामला सामने आया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर पोस्ट टाहलीवाल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर आग लगी थी, वहां पास में बिजली का ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ था। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया और ट्रांसफार्मर को जलने से बचा लिया। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
फायर स्टेशन के इंचार्ज सुनील दत्त ने बताया कि उन्हें एक छात्र द्वारा फोन के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में आग से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें और कहीं भी आग लगने की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।
