चंडीगढ़ (हरमिंदर सिंह नागपाल):- थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट (टीसीटी) और पीजीआई चंडीगढ़ के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर एक विशेष रक्तदान शिविर लगाया गया। यह ट्रस्ट द्वारा आयोजित 343वां रक्तदान शिविर था।
शिविर का उद्घाटन पीजीआई के डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) संजय जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रो. (डॉ.) आर.आर. शर्मा और एडिशनल प्रोफेसर डॉ. सुचेत सचदेव विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने फैकल्टी, थैलेसीमिया मरीजों, विद्यार्थियों और स्टाफ के साथ केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान सभी ने अधिक से अधिक रक्तदान करने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
शिविर के दौरान कुल 86 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस पहल में नर्सिंग विद्यार्थियों, पीजीआई वालंटियर्स और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, यूटी चंडीगढ़ ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम में नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया।
अंत में प्रो. (डॉ.) आर.आर. शर्मा, ट्रस्ट की चेयरपर्सन विभा मित्तल, सदस्य सचिव राजिंदर कालरा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष ए.पी. सिंह ने रक्तदाताओं तथा पूरी टीम का धन्यवाद किया।
