हिसार:– एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि  79 वा स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में किया जाएगा। 
एसडीएम राजेश खोथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर स्थानीय संयुक्त कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी महाविद्यालय में 13 अगस्त को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन होगा।
 स्वतंत्रता दिवस को भव्यता से मनाने को लेकर उन्होंने विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की और निर्देश दिए कि जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे पूरी कर्तव्य निष्ठा से निभाना सुनिश्चित करें। 
उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को  पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डॉक्टरों की टीम सहित एंबुलेंस गाड़ी की व्यवस्था करने, अग्निशमन  विभाग के अधिकारियों को फायर ब्रिगेड की गाड़ी की व्यवस्था करने, पुलिस विभाग को यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। 
इसी प्रकार से उन्होंने अन्य विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को शहीदी स्मारक की साफ सफाई करने, शहर के सभी चौराहो को सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 8 अगस्त को राजकीय महाविद्यालय में ही सांस्कृतिक टीमों का चयन किया जाएगा। 
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि जिन अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने  सरहनीय कार्य किए हैं उनकी सूची आगामी 8 अगस्त तक भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि इन्हें समारोह में सम्मानित किया जा सके। बैठक में डीएसपी विनोद शंकर,नायब तहसीलदार दयाचंद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।