डेरा बस्सी (संजीव सिंह सैनी, मोहाली):- श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी (215), डेरा बस्सी की ओर से 37वां श्री विश्वकर्मा दिवस बड़ी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे सुनील धीमान और उनके परिवार द्वारा हवन यज्ञ के साथ की गई। हवन यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री विश्वकर्मा जी के समक्ष अरदास कर सभी की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा नेता मनप्रीत सिंह (बन्नी) संधू और गुरदर्शन सिंह सैनी ने बाबा जी के चरणों में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस शुभ अवसर पर सभी शहरवासियों और श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व मेहनतकश और कारीगर वर्ग की मेहनत को समर्पित है, जो समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी डेरा बस्सी की ओर से भाजपा नेता बन्नी संधू और गुरदर्शन सिंह सैनी को शॉल और बाबा विश्वकर्मा जी की मूर्तियां भेंट कर सम्मानित किया गया।
समागम में शहर की विभिन्न हस्तियों, सेवादारों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। धार्मिक भजन-कीर्तन के साथ पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में संगत ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर महिलाओं की कीर्तन मंडली के अलावा कमेटी के सदस्य अजय कुमार, संदीप धीमान, दिनेश धीमान, नरिंदर धीमान (पप्पू), राजेश नारायण, पवन धीमान (पम्मा), दिनेश वैष्णव, संटी धीमान, काला धीमान, दीपक धीमान, राजिंदर धीमान, सनी धीमान, प्रवीण कुमार, साहिल धीमान, सचिन धीमान, शाम लाल, सुमित धीमान और मनीष धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी कमेटी सदस्यों ने सभी दानी सज्जनों, सहयोगियों और सेवादारों का सहयोग के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
